दिनदहाड़े मर्डर का खौफनाक प्लान: पीछा कर रोका, फिर बरसाईं गोलियां

पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। 42 साल के चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम जा रहे थे, जहां वे किराए के घर में अकेले रहते थे। हमलावर ने उन्हें सीने में दो और एक पेट में गोली मारी। चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने किराए के घर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। चंद्रनाथ बगल में बैठे थे।  कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर मध्यमग्राम में रात 9:58 बजे एक CCTV कैमरे में चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो सड़क से गुजरती दिखी। स्कॉर्पियो के गुजरने के कुछ देर बाद इलाके से एक कार और दो बाइक पर सवार तीन आरोपी पीछे जाते दिखे। मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास कार स्कॉर्पियो से आगे निकल गई और सामने जाकर गाड़ी रोक दी। स्कॉर्पियो ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी। जब तक चंद्रनाथ और उनका ड्राइवर कुछ समझ पाते, बाइक सवार हमलावर बाईं तरफ आए और 6 से 10 राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार को वहीं छोड़कर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दो अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कार जब्त किया लेकिन नंबर की जांच की गई तो वह फर्जी निकला।

कार के चेसिस नंबर और इंजन नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी. हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस तरह के मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल कोई आम अपराधी नहीं करते। जिस तरह से हमला हुआ, उसे कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है।प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, ‘जैसे ही चंद्रनाथ की गाड़ी मेरी गाड़ी को ओवरटेक करके आगे निकली, वह कुछ देर बाद अचानक बीच रास्ते में रुक गई। तभी बाइक पर सवार एक व्यक्ति आया और कार के बाईं तरफ से फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर प्रोफेशनल लग रहा था। गोली चलाने के तुरंत बाद भाग गया। हमला पूरी तरह प्री-प्लान्ड लग रहा था। गोलियां बेहद करीब से चलाई गईं। मुझे दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी।’एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- जब मैं कार के पास पहुंचा, तो आगे की सीट पर दो लोग थे और दोनों खून से लथपथ थे। पीछे की सीट पर बैठा एक व्यक्ति रो रहा था। बारिश की वजह से आमतौर पर व्यस्त रहने वाली सड़क सुनसान थी। हमने घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। इसके बाद पुलिस पहुंची। मैंने मौके से तीन खाली कारतूस बरामद करने में पुलिस की मदद की। यकीन करना मुश्किल है कि ऐसी घटना हो सकती है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel