अदाणी फाउंडेशन ने जीता रायगढ़ महिला कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का खिताब

अदाणी फाउंडेशन की टीम ने जीता रायगढ़ महिला कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का खिताब, 120 महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत सूपा में आयोजित तीन दिवसीय रायगढ़ महिला कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का समापन उत्साह, रोमांच और महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। 5 से 7 मई तक चली इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 10 टीमों की लगभग 120 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में अदाणी फाउंडेशन की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पोषण पैंथर टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।फाइनल मैच के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार टीमवर्क, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिनके उत्साह ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में जबरदस्त खेल भावना और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ शशधर दास और लक्ष्मी जीवन पटेल ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।इस दौरान कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सूपा और आसपास के क्षेत्रों के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन में अनिरुद्ध सिदार, ओमप्रकाश गुप्ता, संजय मैत्री, प्रेम भारद्वाज, अक्षय प्रधान, धरम सिंह पटेल और विजय सिदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। वहीं Adani Power Limited के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी सिखाते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आते हैं।वहीं शशधर दास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिला प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना अदाणी पावर की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से गांवों की बेटियों को नई पहचान और आत्मविश्वास मिल रहा है।

इस प्रतियोगिता का आयोजन रायगढ़ अमेचर कबड्डी संघ द्वारा किया गया था। आयोजन को सफल बनाने में संघ के राजेश पटनायक और उनकी 20 सदस्यीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता का प्रायोजन अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ द्वारा किया गया, जबकि ग्राम पंचायत सूपा और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।गौरतलब है कि अदाणी फाउंडेशन वर्ष 2022-23 से ग्रामीण बालिकाओं को निःशुल्क कबड्डी प्रशिक्षण और प्रतिवर्ष स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा रहा है। प्रेम नायक, रतिराम सिदार और परमेश्वर बिश्वाल द्वारा वर्ष 2022 से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 200 से अधिक बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं, जिनमें से 34 खिलाड़ी राज्य स्तरीय और 4 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में महिला खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की यह पहल अब बेटियों के लिए नई प्रेरणा बनती दिखाई दे रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel