रायपुर। नीट पेपर लीक मामले और 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए वायुसेना के इस्तेमाल की खबरों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र के गृह और मानव संसाधन मंत्रालय को घेरा।
भूपेश बघेल ने कहा कि भारत सरकार ने खुद मान लिया है कि गृह मंत्रालय पूरी तरह निकम्मा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राज्यों की पुलिस पर भरोसा नहीं रह गया है, इसलिए सेना और वायुसेना का सहारा लिया जा रहा है।
“सेना देश की सुरक्षा के लिए है”
बघेल ने अपने बयान में कहा कि सेना का उपयोग देश की सीमाओं और सुरक्षा के लिए होना चाहिए, लेकिन सरकार परीक्षा प्रबंधन की विफलता छिपाने के लिए सेना का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या मंत्रालय के भीतर है, लेकिन समाधान कहीं और तलाशा जा रहा है।
एनटीए डायरेक्टर पर भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के डायरेक्टर को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। बघेल ने आरोप लगाया कि एनटीए डायरेक्टर की वजह से पेपर लीक हुआ, लेकिन उन्हें हटाने के बजाय प्रमुख सचिव बनाकर संरक्षण दिया गया।
भाजपा का पलटवार, टीएस सिंहदेव का मुद्दा उठाया
दूसरी ओर छत्तीसगढ़ भाजपा ने भी एक्स पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा ने कर्नाटक में डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने टीएस सिंहदेव “बाबा” के साथ धोखा किया।
भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार में ढाई-ढाई साल के फार्मूले के तहत टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही गई थी, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया।
“हाईकमान ने जो जिम्मेदारी दी, निभाई” : बघेल
भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने उसे पूरी निष्ठा से निभाया।
बघेल ने स्पष्ट कहा कि उन्हें कभी ढाई साल के किसी फार्मूले का निर्देश नहीं मिला। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि हाईकमान जिस दिन कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा।”
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





