कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत तुमान में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं शिक्षक अमृतलाल बघेल की GPF पासबुक में कटौती संबंधी एंट्री करने और शासकीय प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में आरोपी बाबू द्वारा 40 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने मामले की पुष्टि करते हुए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के DSP अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने समाधान शिविर में अचानक दबिश दी और आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान शिविर स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रदीप मिश्रा पर इससे पहले भी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विभागीय कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके वह लंबे समय से विभाग में पदस्थ था। ACB की टीम फिलहाल आरोपी को कोषा विभाग में रखकर पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी खलबली मच गई है। माना जा रहा है कि मामले में अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ हो सकती है। सुशासन तिहार जैसे सरकारी आयोजन के बीच हुई इस कार्रवाई ने विभागीय कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





