Bhilai Steel Plant से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। Bhilai के पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 250 टन लौह सामग्री, भारी वाहन और मशीनों समेत कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से BSP प्लांट से लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप चोरी कर रहे थे। चोरी किए गए लोहे को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा और ट्रकों के जरिए बाहर ले जाया जाता था ताकि किसी को शक न हो।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स स्क्रैप यार्ड में छापा मारा। यहां कई हाईवा, ट्रक और भारी मशीनों के साथ बड़े पैमाने पर लोहे की प्लेट और बीम कटिंग बरामद हुई। जांच में पाया गया कि फ्लू डस्ट के ढेर के नीचे चोरी का लोहा छिपाकर रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो हाईवा, दो ट्रक, एक जेसीबी, एक हाइड्रा, टाटा वाहन, चैन माउंटिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए। बरामद लोहे का वजन करीब 250 टन बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है। वाहनों और मशीनों को मिलाकर कुल जब्ती 3.22 करोड़ रुपये की बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Durg Police ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा स्क्रैप की सप्लाई कहां की जा रही थी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





