रायपुर। मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए युवतियों को शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कई राज्यों में अपनी पहचान बदलकर महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाता था और शादी का भरोसा दिलाकर उनके गहने व नकदी लेकर फरार हो जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब 100 से अधिक युवतियों के संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिनव सिंह (37) निवासी होशियारपुर, पंजाब ने एक मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों से संपर्क साधा। इसी दौरान उसकी पहचान रायपुर की एक युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा। भरोसा जीतने के बाद वह युवती के घर पहुंचा और मौका पाकर करीब 30 तोला सोना और नकदी लेकर फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। जांच में पता चला कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन और पहचान बदल रहा था। वह पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली सहित कई राज्यों में घूमता रहा तथा सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी बदलता रहा।
![]()
करीब 15 दिनों की तलाश के बाद रायपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली के एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके एक साथी को भी पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 तोला सोना बरामद किया है।
100 से अधिक युवतियों से संपर्क में था आरोपी
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को कभी गोल्ड कारोबारी तो कभी व्यवसायी बताकर युवतियों से संपर्क करता था। सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहकर वह शादी का झांसा देता और भरोसा जीतने के बाद ठगी को अंजाम देता था। पुलिस को उसके मोबाइल और ऑनलाइन खातों से कई युवतियों से बातचीत के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी अन्य राज्यों से भी जुटा रही है और फरार साथी की तलाश जारी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी कई ठगी के मामलों का खुलासा हो सकता है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





