छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लड़कियों से दोस्ती कर, शादी का झांसा देकर उनके अश्लील वीडियो बनाने और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी उगाही करने वाले मुख्य आरोपी अमान वीरानी को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी केशकाल का निवासी है और वह बीते कई सालों से इस तरह की घिनौनी वारदातों में संलिप्त था।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमान वीरानी के खिलाफ जुलाई 2025 में पहली एफआईआर दर्ज कराने वाली पीड़िता (जो कि एक केंद्रीय अधिकारी हैं) की शिकायत पर केशकाल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी अमान 6 महीने जेल में रहने के बाद हाल ही में बेल पर छूटा था। जेल से बाहर आते ही उसने पहली पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, वह पीड़िता से कोर्ट में हुए अपने खर्च के पैसे भी वसूल रहा था।

पीड़िता ने इसकी शिकायत केशकाल पुलिस से की थी, लेकिन शुरुआती सुनवाई नहीं होने पर जब मीडिया (दैनिक भास्कर) ने 30 मई को इस मामले का बड़ा खुलासा किया, तब आरोपी अमान फरार हो गया।
कोंडागांव एसपी दिव्यांग पटेल और पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अरुण नेताम और टीआई केशकाल विकास बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार आरोपी अमान वीरानी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान जब पुलिस और साइबर टीम ने आरोपी अमान के फोन को खंगाला, तो उसमें बस्तर संभाग की 43 लड़कियों के नंबर मिले। पुलिस ने जब इन सभी लड़कियों से संपर्क किया, तो 2 और लड़कियां सामने आईं और उन्होंने भी आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। इस कार्रवाई के बाद मुख्य पीड़िता ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब उन्हें ‘न्याय की उम्मीद है’।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





