पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, शव को खाट पर छोड़ हुआ फरार

कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम मुड़ापार-अरसेना में चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने पत्नी को खाट पर लिटाकर चादर ओढ़ा दी। अगले दिन सुबह परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में पाया।

पुलिस के अनुसार, मुड़ापार-अरसेना निवासी बिहानू सिंह मंझवार (45) को अपनी पत्नी बिरसो बाई (40) के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।

चरित्र संदेह में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोप है कि, विवाद के दौरान बिहानू सिंह ने पत्नी की हाथ-मुक्कों और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से बिरसो बाई की हालत बिगड़ गई। इसके बावजूद पति ने उसे उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया और खाट पर लिटाकर छोड़ दिया।

सुबह जब महिला की कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर बिरसो बाई मृत मिली। घटना की जानकारी गांव के सरपंच द्वारा लेमरू पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमन पोया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel