रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी प्रेमी ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड के 4 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी बच्चे को अपने प्रेम संबंधों के बीच की दीवार मानता था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिछले 7 महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसे आखिरकार आमानाका थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष), निवासी टाटीबंध, पेशे से ट्रक ड्राइवर है। उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम प्रसंग था, जो अपने पति से अलग रह रही थी। आरोपी का महिला के घर अक्सर आना-जाना था।
घटना के वक्त बच्चे की मां भी वहीं मौजूद थी। किसी बात पर गुस्सा होकर आरोपी ट्रक ड्राइवर ने मां के सामने ही मासूम बच्चे का तकिए से गला दबा दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अलग-अलग राज्यों में ट्रक लेकर घूम रहा था।

यह वारदात पिछले साल 1 नवंबर 2025 की है, जब 4 साल के मासूम मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बच्चे को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में पुलिस ने मर्ग कायम किया था, लेकिन जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो डॉक्टरों ने गला दबाने से मौत होने की पुष्टि की। इसके बाद मामले ने नया मोड़ लिया और पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज की। आखिरकार, 10 जून 2026 को तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी जयदीप सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आमानाका थाना पुलिस ने आरोपी जयदीप सिंह के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया है। इस अमानवीय घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




