CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 75% प्रदेश कवर; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेज़ी से रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के करीब 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के कुछ क्षेत्रों में भी जल्द मानसून दस्तक दे सकता है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेशभर में मौसम के सक्रिय बने रहने की संभावना है।

रायपुर में झमाझम बारिश से मिली राहत

राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। डौंडी और नांगर में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि सरसीवा, कांकेर, कुकरेल, दरभा, नगरी, धानोरा, भटगांव, मगरलोड, जगदलपुर, राजनांदगांव, बड़े राजपुर और तोकापाल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा बस्तर, बिलाईगढ़, अमलीपदर, बेलरगांव, माकड़ी, गुरूर, पाटन, चारामा, गरियाबंद, छुरा, सरौना, कुरूद, भानुप्रतापपुर, फरसगांव और भाखरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं रामानुजनगर, भोपालपट्टनम, डोंगरगढ़, कुटरू, अंबागढ़ चौकी, गिधौरी, तुंदरा, कोटा, अहिवारा, रायपुर शहर, धरमजयगढ़, भिलाई, केशकाल, गुंडरदेही, बोराई, अर्जुन्दा और बसना में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Lightning alert issued in 23 districts of the state

कई इलाकों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

यलो अलर्ट वाले जिले

सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले सप्ताह तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे तापमान में और गिरावट आने के साथ किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि तेज हवा और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel