महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव में एक 18 वर्षीय छात्रा की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के इरादे से उसकी लाश को गांव के पास एक नाले की रेत में दफन कर दिया गया। घटना की जानकारी तब हुई जब शव का कुछ हिस्सा रेत से बाहर आ गया और इलाके में तेज बदबू फैलने लगी। मृतका की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई है, जिसने बीते 19 जून को ही अपना 18वां जन्मदिन मनाया था।
जन्मदिन की रात 3 बजे से थी लापता
परिजनों के मुताबिक, भारती 11वीं पास कर 12वीं कक्षा में पहुंची थी और वह तीन बहनों व एक भाई में सबसे बड़ी थी। 19 जून को परिवार ने उसका 18वां जन्मदिन मनाया था, लेकिन उसी रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो 20 जून को परिजनों ने खल्लारी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि भारती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था और आशंका है कि वह रात में उसी से मिलने घर से निकली थी।
जानवरों ने नोचा पैर, निर्वस्त्र मिला निचला हिस्सा
22 जून को ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित एक नाले में रेत से बाहर निकला हुआ शव देखा। शव से बेहद तेज बदबू आ रही थी और मृतका के पैर के पंजों को जानवरों ने नोच दिया था। घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। शव के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे, जबकि उसकी लेगिंग्स घटनास्थल से कुछ दूरी पर पड़ी मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा: खोपड़ी पर 6 इंच गहरा घाव, संघर्ष के निशान
मंगलवार को महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, भारती के सिर पर किसी धारदार हथियार से जोरदार हमला किया गया था, जिससे उसकी खोपड़ी की हड्डी टूट गई थी। सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव पाया गया है। इसके अलावा, मृतका की जांघों पर गहरे खरोंच के निशान मिले हैं, जो इस बात का संकेत हैं कि उसने आरोपियों से बचने के लिए कड़ा संघर्ष किया था।
दुष्कर्म की आशंका, बॉयफ्रेंड समेत 4 हिरासत में
शव की स्थिति और जांघों पर मिले निशानों को देखते हुए डॉक्टरों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने आंतरिक अंगों (बायोलॉजिकल सैंपल्स) को सुरक्षित कर रायपुर फॉरेंसिक लैब जांच के लिए भेजा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के संदेही बॉयफ्रेंड समेत 4 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस इन सभी संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स (CDR) और सोशल मीडिया एक्टिविटी की बारीकी से जांच कर रही है। खल्लारी पुलिस हत्या, दुष्कर्म और प्रेम-प्रसंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुटी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





