धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। गरियाबंद की ओर से पहुंचे हाथी की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में हलचल बढ़ गई है। हाथी की लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग ने करीब 10 गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

P-143 कक्ष के आसपास मौजूद है हाथी
वन विभाग के अनुसार, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। विभाग को आशंका है कि हाथी आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जा सकता है। इसे देखते हुए आसपास के ग्रामीण इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग ने जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है। पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत आसपास के इलाकों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने की कोशिश न करें और न ही उसे किसी तरह परेशान करें। हाथी की मौजूदगी की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी या वन विभाग की टीम को देने को कहा गया है।
गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल
वन विभाग के मुताबिक, यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। हाथी किस दिशा में आगे बढ़ता है, इसके आधार पर आसपास के गांवों में आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





