रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज (4 अगस्त) से पूरे प्रदेश में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई।

रायपुर में उमस से राहत मिलने की उम्मीद
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से तापमान बढ़ने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि आज आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रघुनाथनगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा वाड्रफनगर में 7 सेंटीमीटर, खड़गांव में 5 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और रामचन्द्रपुर में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि कोटाडोल, चिरमिरी और बलरामपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान का हाल
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
मानसून द्रोणिका बनी बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होते हुए मणिपुर की ओर पूर्व दिशा में फैली हुई है। यह द्रोणिका लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने 4 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





