Durg Congress Leader Murder: कांग्रेस नेता की बेरहमी से हत्या, लूट का विरोध करना पड़ा भारी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां रविवार रात बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र की है, जिससे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान धमधा मंडल के कांग्रेस कोषाध्यक्ष और ग्राम तुमाकला के पंच प्रकाश सिंह कश्यप (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी पत्नी (जो कि वर्तमान में सरपंच हैं) के साथ ग्राम तुमाकला के निवासी थे। रविवार रात वह अपने दो साथियों के साथ भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल में किसी रिश्तेदार से मिलने गए थे।

देर रात करीब 2 बजे जब वे तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तब करहीडीह और चिखली चौक के बीच बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। बदमाशों ने उनसे मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मोबाइल और करीब 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद उनके साथी किसी तरह जान बचाकर भागे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत होता है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

इस घटना के बाद सोमवार दोपहर अस्पताल और मॉर्चुरी हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग न होने का आरोप लगाया और आरोपियों के जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

 

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel