Chhattisgarh: 156 खिलाड़ियों को मिला उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा, सरकारी नौकरी में 2% आरक्षण का मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। खेल विभाग ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी चयन की सूची जारी कर दी है। चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश के 20 अलग-अलग खेलों में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है।

इन खिलाड़ियों के नामों की सूची राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने के बाद अब इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में आरक्षण समेत अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

छह साल से लंबित था खिलाड़ियों का इंतजार

प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने का इंतजार कर रहे थे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन प्रक्रिया में काफी समय लग गया था। अब आखिरकार खेल विभाग ने पात्र खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी कर दी है।

उत्कृष्ट खिलाड़ी चयन के लिए खेल विभाग को वर्ष 2018-19 और 2019-20 में कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें वर्ष 2018-19 के लिए 344 आवेदन और वर्ष 2019-20 के लिए 439 आवेदन शामिल थे।

प्रारंभिक जांच के बाद 651 खिलाड़ियों के आवेदन चयन प्रक्रिया के लिए योग्य पाए गए। इसके बाद खेल विभाग की ओर से करीब 200 खिलाड़ियों को पात्र माना गया। उच्चस्तरीय समिति की अंतिम समीक्षा के बाद 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया।

बैडमिंटन और आर्चरी के खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान

उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची में प्रदेश के कई चर्चित खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। बैडमिंटन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली आकर्षी कश्यप के साथ वेंकट गौरव प्रसाद और जूही देवांगन को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है।

वहीं आर्चरी में धर्मेश गोफने, बिंदेश्वरी मरावी, नित्या धुर्वे, भरत कुमार यादव और आरती मसराम को यह सम्मान मिला है।

इसके अलावा हॉकी, कराते, फेंसिंग, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्वीमिंग, वुशू, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल सहित कई खेलों के खिलाड़ियों को सूची में शामिल किया गया है।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का लंबा इंतजार खत्म: 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की  सूची जारी, मिलेगी सरकारी नौकरी

सरकारी नौकरी में मिलेगा बड़ा फायदा

उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता आसान हो जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के नियमों के अनुसार प्रदेश के सरकारी विभागों में सीधी भर्ती के दौरान कुल रिक्त पदों में 2 प्रतिशत पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं।

लंबे समय से उत्कृष्ट खिलाड़ी की सूची जारी नहीं होने के कारण इन आरक्षित पदों पर नियुक्तियां प्रभावित हो रही थीं। अब सूची जारी होने के बाद खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

प्रमुख खेल और चयनित खिलाड़ियों की सूची

​सूची में बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ियों से लेकर आर्चरी, हॉकी और पैरा स्पोर्ट्स के धुरंधर शामिल हैं। प्रमुख खेल और उनके खिलाड़ी इस प्रकार हैं:

​बैडमिंटन: आकर्षी कश्यप, वेंकट गौरव प्रसाद, जूही देवांगन।

​आर्चरी (तंदाजी): धर्मेश गोफने, बिंदेश्वरी मरावी, नित्या धुर्वे, भरत कुमार यादव, आरती मसराम।

​हॉकी: रेणुका यादव।

​फेंसिंग: स्वाति विश्वकर्मा, वी. जानसन सोलोमन, अनुप चौधरी, अनुराग चौधरी।

​कराते: रूपेश दास, बोर्निता तालुकदार, मोनिका पाढ़ी, नितिन सिंह, राजेश।

​कयाकिंग कैनोइंग: प्रमोद फरिकार, कौशल नंदनी ठाकुर, काजल धीवर, पिंकी साहू, शिवांगी ठाकुर, हेमलता सार्वा, सोनू साहू, स्वाति साहू, देवकुमारी साहू, अशोक कुमार, गणेश यदु।

​पैरा एथलेटिक्स: संगीता मसीह, ईश्वरी निषाद, प्रीति यादव।

​पैरा स्वीमिंग: ममता मिश्रा, किसराम पटेल, भरत सिंह।

​सॉफ्ट टेनिस: आयुषी चौहान।

​वुशू: बलराम साहू, महेंद्र पासी, विरेंद्र कुमार धीवर, नितिन नावलेकर, प्रतीक सिंह ठाकुर।

​बास्केटबॉल: फरहान अंजुम, एकता शिर्के, कृतिका रजक, दिपाली मतेलकर, कल्पना पटैल, महिमा भारद्वाज, मेघा सिंह, रिया वर्मा, निशा नेताम, अंशु श्रीवास, गुलब्शा अली।

​हैंडबॉल: शाही रिजवान, ए. प्रिया राव, एम. रमेश, एम. वेंकट राव, ऐमेश्वर वर्मा, यासी जीबरान, योगेश राव, कंचन महानंद, दिव्या सिन्हा, अनुजा दुबे, मुकेश्वरी, चित्रा, पी. दिनकर, पूनम यादव, राधेश्याम सिंह यादव, राजेश कुमार, रेवती, रजनी, सोनिया, दुर्गा स्वामी, नीरज सेमल्टी, यशोदा साहू।

​नेटबॉल: पलाश कुमार यदु, सृष्टि कांसकार, सुनील आदित्य, अंजलि सोनकर, लखेश्वरी वर्मा।

 

​डेफ स्वीमिंग: अतुल जायसवाल।

​व्हीलचेयर फेंसिंग: कोमल कुमार मरकाम, महेंद्र कुमार साहू, मालती पनौरे, मनोहर साहू, हरिहर सिंह, रामफूल टोन्डर, रोहिणी साहू, राजेश कुमार साहू, सीता साहू, उत्तरा नवरंग, दीक्षा तिवारी, दिलीप कुमार साहू, दुर्गा साहू, आशीष पटेल, द्वारिका प्रसाद।

​सॉफ्टबॉल: इनेंद्र कुमार, बीरू बांधे, मानस केशरवानी, बीरेंद्र, किशन महानंद, हितेश निर्मलकर, प्रिंस सिंह।

उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची जारी होने के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल संगठनों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद मिले इस दर्जे से उन्हें आगे बढ़ने और सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब चयनित खिलाड़ियों को शासन की नीतियों के तहत मिलने वाली सुविधाओं और रोजगार के अवसरों का लाभ मिल सकेगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel