बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

दोनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश में खुशी का माहौल है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी और टूर्नामेंट की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने दोनों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बिलासपुर सेंटर में निखरी प्रतिभा
भारतीय टीम में चयनित दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी और खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में दोनों ने अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
जशपुर की मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई।
मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा लिया। वर्ष 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही। वह मार्च-अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी खेल चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं देश का प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती बारीकियां कोच शिवा चौहान से सीखीं। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व किया।
इसके बाद वह वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे और जुलाई 2026 में इंग्लैंड एवं स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। लगातार अंतरराष्ट्रीय अनुभव के बाद अब उनका चयन जूनियर एशिया कप के लिए हुआ है।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
एक साथ दो खिलाड़ियों का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन छत्तीसगढ़ के खेल ढांचे और प्रशिक्षण व्यवस्था की सफलता का प्रमाण माना जा रहा है। प्रदेश की ये दोनों बेटियां अब चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने उतरेंगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





