Kalyan Jewellers Robbery Plan: रायपुर में कल्याण ज्वेलर्स लूट की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 3 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी डकैती की साजिश का समय रहते पर्दाफाश करते हुए दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालने की योजना बनाकर रायपुर पहुंचे थे। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले ही गुढ़ियारी थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।

Raipur Kalyan Jewellers Robbery Foiled | Police Arrest 3 With Weapons

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में शहरभर में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

हथियार और नकदी बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो धारदार चाकू, 2,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

पहले कर चुके थे रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात की पूरी तैयारी पहले से कर रखी थी। पुलिस के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को आरोपियों में से एक ने कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और भागने के संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क में थे और रेकी की तस्वीरें व अन्य जानकारियां साझा कर पूरी योजना तैयार कर रहे थे।

दिल्ली के आंदोलन से जुड़े होने की भी जांच

प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली में हुए कुछ आंदोलनों में भी सक्रिय रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उनका किसी संगठित गिरोह या अन्य आपराधिक नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

देवांश शर्मा (19), निवासी दिल्ली

सुशांत कुमार पासवान (19), निवासी दिल्ली

मयंक सिंह (19), निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इस पूरी साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात को टाल दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel