शराब दुकान के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब दुकान के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गेरवानी क्षेत्र स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान के बाहर देर रात एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर दी। गोली वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्ड के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विवाद के बाद अचानक निकाला हथियार
घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। घायल सुरक्षा गार्ड की पहचान 43 वर्षीय चंद्रशेखर पटेल के रूप में हुई है। वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात था।
पुलिस के मुताबिक, दुकान बंद होने के बाद कुछ असामाजिक तत्व अक्सर परिसर के आसपास पहुंचकर विवाद और गाली-गलौज करते थे। घटना की रात भी एक युवक दुकान के सामने पहुंचा और गार्ड के परिचित के साथ विवाद करने लगा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक ने जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। गोली चंद्रशेखर के पेट में लगी।

घायल गार्ड ने पीछे जाकर बचाई जान
गोली लगने के बाद चंद्रशेखर घायल अवस्था में आहाते के पीछे की ओर चला गया और वहां अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल गार्ड का उपचार कराया गया।
SSP के निर्देश पर जांच तेज
फायरिंग की सूचना मिलते ही SSP शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके अलावा आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घायल सुरक्षा गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने के साथ-साथ फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की भी जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





