जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। मुलमुला थाना में अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की निगरानी में तैनात आरक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

अवैध शराब बिक्री के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी फनेंद्र सिंह को अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुलमुला थाना लाकर पुलिस कस्टडी में रखा गया था। थाने में आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को सौंपी गई थी।
बताया जा रहा है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। आरोपी के थाने से गायब होने की जानकारी सामने आते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की।
कस्टडी से कैसे भागा आरोपी? जांच जारी
पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में हुई लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी किस तरह पुलिस की निगरानी से बचकर थाने से बाहर निकल गया, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों और उस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
लापरवाही पर आरक्षक निलंबित
मामले में लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है।
फिलहाल पुलिस की टीम फरार आरोपी फनेंद्र सिंह की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने की घटना ने थाने की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का प्रयास है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले की आगे की कार्रवाई की जाए।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





