Air India Flight: फुकेत-दिल्ली फ्लाइट भीषण टर्बुलेंस की चपेट में, कई यात्री घायल

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान मंगलवार को भीषण टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। टर्बुलेंस के कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, जिससे कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, पायलट और चालक दल की सतर्कता से विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तेज टर्बुलेंस की चपेट में आया एयर इंडिया का विमान, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कई घायल, फुकेत से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट

एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि की

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फुकेत से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव दर्ज किया गया। एयरलाइन के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

घायलों को एयरपोर्ट पर दी गई चिकित्सा सुविधा

एयर इंडिया के अनुसार, किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हल्की चोटें लगीं, उन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच कराई गई।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घटना की जांच में संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

जून में रायपुर में भी हुआ था एयर इंडिया विमान से जुड़ा हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले जून में दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) की घटना का शिकार हुई थी। उस समय भी विमान सुरक्षित रूप से उतर गया था और किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा था।

जांच के बाद विमान को मिली थी उड़ान की मंजूरी

रायपुर एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, बर्ड हिट की घटना के बाद विमान की विस्तृत तकनीकी जांच और सुरक्षा निरीक्षण निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत किया गया था। सभी आवश्यक परीक्षण पूरे होने और विमान के सुरक्षित पाए जाने के बाद उसे दोबारा परिचालन की अनुमति दे दी गई थी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.