CG Head Constable Death: प्रधान आरक्षक ने उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस महकमे में शोक

CG Head Constable Death: खैरागढ़. जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने आत्मघाती कदम उठाया है। आरक्षक शीतल यादव की आत्महत्या की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है ।  शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास में फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शीतल यादव अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा क्षेत्र में निवासरत थे.

शुक्रवार रात परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि वे घर के हॉल में थे. शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे से लटका देखा. यह दृश्य देखकर परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की. दुर्ग से फोरेंसिक टीम बुलाई गई है, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है. ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel