बालोद/डौंडी। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। छात्र का शव विद्यालय के कमरा नंबर 16 में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का निवासी बताया जा रहा है।
![]()
PT में शामिल नहीं हुआ था छात्र
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए PT आयोजित की गई थी। विनय कुमार PT में शामिल होने नहीं गया था। PT के बाद जब अन्य छात्र वापस लौटे, तब कमरे में छात्र की स्थिति देखकर घटना की जानकारी सामने आई।
इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग के सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ ही छात्र के परिजनों, सहपाठियों और स्कूल से जुड़े लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना की परिस्थितियों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस ने मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। मामले की जांच जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.


