Chamoli Tunnel Accident: चमोली टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 मजदूरों की मौत, CM साय ने किया 5-5 लाख मुआवजे का ऐलान

रायपुर। उत्तराखंड के चमोली जिले में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतक सभी मजदूर कोंडागांव जिले के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक श्रमिकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं हादसे में घायल छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

चमोली टनल हादसा: भारी बारिश से निर्माणाधीन सुरंग में घुसा पानी और मलबा, 16  मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू; अपनों की जानकारी के लिए तुरंत ...

कोंडागांव के चार मजदूरों की गई जान

चमोली टनल हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मौत हुई है। हादसे में जिले के दो अन्य मजदूर घायल हुए हैं। मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

भूस्खलन और पानी के रिसाव से हुआ हादसा

उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पिपलकोटी टनल में काम चल रहा था। 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण टनल के अंदर अचानक मलबा आ गया। इस दौरान कुल 22 श्रमिक अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही बचाव दलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती कार्रवाई में 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

117 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने लगातार करीब 117 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टनल के अंदर मलबा और पानी होने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद जवानों ने लगातार अभियान जारी रखा और एक-एक कर फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने तथा शवों को बरामद करने का काम किया।

हादसे के पहले दिन चार शव बरामद किए गए। इसके बाद अगले दिन तीन और शव मिले। 15 अगस्त को एक तथा 16 अगस्त को दो और शव बरामद किए गए। इस तरह हादसे में कुल 10 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई।

घायलों के इलाज पर भी सरकार की नजर

हादसे में घायल हुए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों का इलाज कराया जा रहा है। राज्य सरकार ने दोनों घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहकर आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

परिजनों को 5-5 लाख की सहायता

हादसे में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के चारों श्रमिकों के परिवारों को मुख्यमंत्री साय ने 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। सरकार की इस घोषणा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है।

चमोली का यह हादसा निर्माणाधीन टनल में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद सभी शवों को बरामद कर लिया गया है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel