Chhattisgarh News: बस्तर के विकास पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, बोले- जनता जैसा विकास चाहेगी, सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी

रायपुर,। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास की दिशा वहां की जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप ही तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य स्थानीय लोगों की इच्छा और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “बस्तर के लोग जैसा विकास चाहेंगे, सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी।”

CM Sai Seeks Centre's Approval for Road Construction in Bastar Based on  Arunachal Model - ChhattisgarhTopNews.Com

मुख्यमंत्री ने एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में बस्तर के विकास, नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई, क्षेत्र में बदलते वातावरण और महिला सशक्तीकरण समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

बस्तर को लेकर भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील

बस्तर के विकास से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद की वजह से बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंचने और क्षेत्र में शांति का वातावरण बनने के बाद विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से यह धारणा बनाने की कोशिश की जा रही है कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य बड़े उद्योगों के लिए बस्तर में रास्ता तैयार करना है। उन्होंने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा बिल्कुल नहीं है।

उन्होंने कहा कि बस्तर का भविष्य वहां रहने वाले लोगों की इच्छा और आकांक्षाओं के अनुसार ही तय होगा। स्थानीय जनता की भागीदारी और उनके हित सरकार के लिए सर्वोपरि हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो लोग नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में कभी साथ नहीं खड़े हुए या प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से उसका समर्थन करते रहे, वे अब नए नैरेटिव के जरिए लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जागरूक है और ऐसे प्रयासों को समझती है।

कृषि, पशुपालन और पर्यटन पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बस्तर की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकास की दिशा तय कर रही है। क्षेत्र में कृषि को मजबूत करने के साथ पशुपालन को बढ़ावा देने और पर्यटन की संभावनाओं को रोजगार एवं आजीविका के अवसरों में बदलने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शांति स्थापित होने के साथ अब विकास को दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार का प्रयास है कि बस्तर अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

‘विष्णु भैया’ कहकर बुलाती हैं प्रदेश की बहनें

साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री से प्रदेश की महिलाओं और बहनों के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की बहनें उन्हें ‘विष्णु भैया’ कहकर पुकारती हैं और परिवार के सदस्य के रूप में अपना स्नेह देती हैं।

उन्होंने कहा कि बहनों से मिलने वाला स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है और यही उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भाई के नाते प्रदेश की बहनों की सेवा, सुरक्षा और उनके जीवन में खुशहाली लाना उनका संकल्प है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए भी लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की हर बहन को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें, ताकि वह आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार और छत्तीसगढ़ की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार की नीतियों और निर्णयों के केंद्र में हमेशा छत्तीसगढ़ की जनता का हित है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास से लेकर माताओं और बहनों के सशक्तीकरण तक सरकार का संकल्प स्पष्ट है। विकास ऐसा होना चाहिए, जिसमें जनता की भागीदारी हो, स्थानीय आकांक्षाओं का सम्मान हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की प्राकृतिक संपदा, संस्कृति और स्थानीय क्षमता को आधार बनाकर क्षेत्र को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा और विकास की दिशा में स्थानीय जनता की आवाज को सबसे अधिक महत्व दिया जाएगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...