रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश करने वाले एक अभ्यर्थी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नागपुर निवासी 28 वर्षीय अफताब परीक्षा केंद्र में डबल अंडरगारमेंट के भीतर मोबाइल छिपाकर पहुंचा था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें मोबाइल से खींच रहा था। कक्ष निरीक्षक की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हो गया।
संदिग्ध गतिविधियों से हुआ खुलासा
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, घटना 15 जुलाई को डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित आईडीजेड सरोना परीक्षा केंद्र की है, जहां रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक ने एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध पाईं। वह बार-बार नीचे की ओर देख रहा था और असामान्य हरकतें कर रहा था, जिसके बाद उसकी निगरानी बढ़ा दी गई।
डबल अंडरगारमेंट में छिपाया था मोबाइल
सीसीटीवी फुटेज और मौके पर जांच के दौरान पता चला कि अभ्यर्थी सुरक्षा जांच से बचने के लिए डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में पहुंचा था। पूछताछ में आरोपित ने खुद इस बात को स्वीकार किया।

मोबाइल से खींच रहा था प्रश्नों की तस्वीरें
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की मोबाइल से तस्वीरें ले रहा था। आशंका है कि इन तस्वीरों को परीक्षा के दौरान या बाद में किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की योजना थी।
मोबाइल और दस्तावेज जब्त, गिरोह से जुड़े होने की जांच
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डिजिटल फोरेंसिक जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किसी संगठित नकल गिरोह से जुड़ा है या नहीं। मोबाइल के डिजिटल डाटा की फोरेंसिक जांच कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नों की तस्वीरें किसे भेजी जानी थीं और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





