धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगल की ओर जा रहे दो युवकों पर चार भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज अंतर्गत तुमडीबहार इलाके की बताई जा रही है। भालुओं के अचानक सामने आने से दोनों युवकों में अफरा-तफरी मच गई।

जंगल में अचानक भालुओं ने घेरा
जानकारी के अनुसार दोनों युवक तुमडीबहार क्षेत्र में जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सामना चार भालुओं से हो गया। भालुओं ने दोनों युवकों को घेरकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद एक युवक किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा और अपनी जान बचाई।
दूसरे युवक पर किया हमला
वहीं दूसरे युवक पर भालुओं ने हमला कर दिया। युवक ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और मदद के लिए चीख-पुकार की। उसकी आवाज सुनने के बाद भालू जंगल की ओर चले गए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नगरी CHC में कराया गया इलाज
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।
जंगल जाने वालों को सावधानी बरतने की अपील
घटना के बाद जंगल क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों और वहां जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। वन्यजीवों की मौजूदगी वाले इलाकों में अकेले जाने से बचने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





