Liquor Overpricing: शराब दुकानों में ओवररेटिंग पर बड़ी कार्रवाई, दो आबकारी उप निरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने और निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो आबकारी उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित अधिकारियों में बालोद जिले के गुरूर में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक आशाराम शाक्य तथा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम रोहासी स्थित देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान के प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक पी. माधव राव शामिल हैं। जांच में शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री और नियंत्रण में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बालोद जिले के अरकार स्थित देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान की प्रभारी एवं मंडल प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी (एडीईओ) निलोफर जैन के खिलाफ भी विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आबकारी आयुक्त ने उनके शिथिल नियंत्रण, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता को गंभीर मानते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सचिव, वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग को पत्र भेजा है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों में ओवररेटिंग, अनियमितता और नियंत्रण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel