चौकीदार को बंधक बनाया, फिर फैक्ट्री से लाखों का सामान लेकर हुए फरार
रायपुर। राजधानी रायपुर में बंद पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाकर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को रस्सी से बांधकर लाखों रुपये का सामान लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती में ले जाया गया सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन सहित करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने लगभग एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। मामले में कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आधी रात फैक्ट्री में घुसे थे 7-8 नकाबपोश बदमाश
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अमरनाथ इस्पात की फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदार के रूप में काम करते हैं। 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे वे फैक्ट्री के ऑफिस पोर्च में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया।
चौकीदार ने उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह पत्थर फेंकने लगा। इसी बीच चेहरे पर कपड़ा बांधे करीब 7-8 अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोपियों ने चौकीदार को पकड़कर उसके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए और इसके बाद ऑफिस व फैक्ट्री परिसर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
दीवार तोड़कर खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर भागे आरोपी
आरोपी फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल सहित अन्य सामान ले गए। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने ऑफिस की दराज में रखी नकदी भी निकाली और अलमारी का लॉक तोड़ दिया।
सामान को टाटा एस वाहन में लादने के बाद आरोपी फैक्ट्री की साइड वाली दीवार तोड़कर बाहर निकले। इसके बाद खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हजारों CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का मिलान करने के लिए हजारों कैमरों के फुटेज की जांच की गई। इसके साथ ही मुखबिरों और तकनीकी विश्लेषण की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया।
इसी जांच के दौरान पुलिस को सरोना क्षेत्र के संदीप नेताम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों से 17 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने और फैक्ट्री की रेकी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम व कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
इसके अलावा घटना में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
तीनों आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार संदीप नेताम पहले चोरी और मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन के खिलाफ नकबजनी का मामला रहा है, जबकि अजीत भारती प्रतिबंधात्मक धाराओं से जुड़े प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- संदीप नेताम (35 वर्ष): निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना, रायपुर।
- अजीत भारती (30 वर्ष): निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना, रायपुर।
- उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27 वर्ष): निवासी देवारपारा, सुभाषनगर, रायपुर।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक चोरी, नकबजनी, स्नेचिंग, लूट और डकैती के कुल 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन प्रकरणों में कुल 4 करोड़ 66 लाख 25 हजार 100 रुपये कीमत की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





