Vice President Raipur Visit: उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले ट्रैफिक रिहर्सल, टाटीबंध में 10 KM तक लगा जाम

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर पहुंचकर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। मंगलवार को उपराष्ट्रपति के काफिले के रूट पर ट्रैफिक रिहर्सल की गई, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ।

रिहर्सल के दौरान टाटीबंध में 5 से 10 KM लंबा जाम

मंगलवार सुबह करीब 9:55 बजे एयरपोर्ट से एम्स टाटीबंध तक काफिले की रिहर्सल की गई। सुरक्षा कारणों से टाटीबंध से माना एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक बंद रहने से टाटीबंध क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थिति ऐसी रही कि टाटीबंध और आसपास के इलाकों में करीब 5 से 10 किलोमीटर तक जाम लग गया। इसका असर रिंग रोड-1 पर भी देखने को मिला। रिहर्सल खत्म होने के बाद यातायात बहाल किया गया, लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण कई इलाकों में जाम का असर काफी देर तक बना रहा।

आज सुबह 9:45 बजे से कई रास्तों पर असर

उपराष्ट्रपति का काफिला बुधवार सुबह करीब 10 बजे माना एयरपोर्ट से एम्स के लिए रवाना होगा। काफिले के गुजरने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित मार्ग पर सामान्य यातायात को कुछ समय के लिए रोका जाएगा।

प्रभावित रूट में माना एयरपोर्ट, फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, तेलीबांधा ब्रिज, रिंग रोड-1, पचपेड़ीनाका, संतोषीनगर, भाठागांव, कुशालपुर, रायपुरा, सरोना, टाटीबंध और आमानाका होते हुए एम्स रोड शामिल है।

काफिला जिस मार्ग से आगे बढ़ेगा, वहां कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा। काफिला निकलने के बाद संबंधित मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य किया जाएगा।

दोपहर में वापसी के दौरान भी बदलेगा ट्रैफिक

एम्स में कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति का काफिला करीब 12:30 बजे वापस माना एयरपोर्ट के लिए रवाना होगा। वापसी के दौरान भी इसी रूट पर चरणबद्ध तरीके से यातायात प्रभावित रहेगा।

इस दौरान एम्स से टाटीबंध, सरोना, रायपुरा, कुशालपुर, भाठागांव, संतोषीनगर, पचपेड़ीनाका, तेलीबांधा ओवरब्रिज, एक्सप्रेस-वे और फुंडहर चौक होते हुए एयरपोर्ट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

जाम से बचने इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

  • एयरपोर्ट/फुंडहर से शहर आने वाले वाहन वीआईपी रोड और तेलीबांधा तालाब मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
  • माना कैंप, डुमरतराई, पचपेड़ीनाका और संतोषीनगर रोड से आने-जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक रास्ता अपना सकते हैं।
  • दुर्ग-भिलाई और टाटीबंध की ओर से शहर आने वाले वाहन हीरापुर-कबीर नगर या भाठागांव-संतोषीनगर मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • आमापारा और यूनिवर्सिटी की ओर से आमानाका जाने वाले वाहन एनआईटी और डीडी नगर गोल चौक मार्ग से जा सकते हैं।

इन इलाकों में खास सावधानी की जरूरत

मंगलवार की रिहर्सल के दौरान जिस तरह टाटीबंध में लंबा जाम लगा, उसे देखते हुए बुधवार को भी टाटीबंध, पचपेड़ीनाका, तेलीबांधा, सरोना, रायपुरा, भाठागांव और आमानाका क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल करें। घर से निकलने से पहले अपना रूट तय करें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्ते से जाएं। आवश्यक यात्रा करने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि VIP मूवमेंट के दौरान होने वाली अस्थायी ट्रैफिक रोक से परेशानी न हो।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel