रायपुर, 22 मई 2026 अदाणी फाउंडेशन की उत्थान परियोजना के अंतर्गत आठ दिवसीय समर कैंप का आयोजन रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड स्थित ग्राम चिचोली में किया गया। यह शिविर नवनिर्मित अदाणी भवन, चिचोली में आयोजित हुआ, जिसमें आसपास के नौ ग्रामों के कुल 351 बच्चों ने भाग लिया। इस समर कैंप में चिचोली, ग़ैतरा, रायखेड़ा, भाटापारा, ताराशिव, कोनारी, खम्हारिया, खपरी एवं छतौद ग्रामों के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अदाणी पावर लिमिटेड, रायपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


कैंप के उद्घाटन अवसर पर ग्राम पंचायत चिचोली की सरपंच श्रीमती रामप्यारी ध्रुव, उपसरपंच प्रतिनिधि श्री राजकुमार बंजारे एवं पंचगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दूसरे दिन ग्राम ताराशिव के सरपंच प्रतिनिधि श्री मनीष वर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। समर कैंप के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत गौरखेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि श्री रोशन यादव और केवतरा के सरपंच श्री गोविंद कुर्रे की उपस्थिति रही।
समर कैंप के दौरान बच्चों ने शैक्षणिक, रचनात्मक एवं खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान बच्चों ने पेपर क्राफ्टिंग एवं पत्तों से आकृति निर्माण, कागज से कठपुतली बनाना, मिट्टी से खिलौने तैयार करना, “कबाड़ से उपयोगी वस्तु” निर्माण, पक्षियों के लिए घर एवं फीडर बनाना, पेन स्टैंड निर्माण के साथ-साथ पेंटिंग एवं मास्क मेकिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और सीखने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही डांस, गीत, अभिनय, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, मानसिक गणित, मानचित्र गतिविधि तथा “मेरा विचार” चर्चा का आयोजन किया गया।
खेलकूद गतिविधियों में रिले रेस, बैलून रेस, बॉटल पकड़, मेंढक दौड़ एवं बॉल पास जैसे खेल शामिल रहे, जिनके माध्यम से बच्चों में टीम भावना और सहभागिता की समझ विकसित हुई।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने इस समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण बच्चों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक समझ को बढ़ावा देते हैं। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के समग्र विकास के लिए अदाणी फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





