रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले ड्राइवर महासंगठन की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने परिवहन व्यवस्था को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। 12 नवंबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू हुए इस आंदोलन का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कहीं यात्री बसों के पहिए थम गए हैं, तो कहीं लौह अयस्क समेत अन्य खनिजों की ढुलाई प्रभावित हुई है।

प्रदर्शनकारी जगह-जगह वाहनों को रोककर चालकों से हड़ताल में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 13 नवंबर को रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। ड्राइवरों की प्रमुख मांगों में ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड की स्थापना और चालकों के लिए अलग सुरक्षा कानून बनाना शामिल है।
धमतरी में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस, धक्का-मुक्की
हड़ताल के पहले दिन धमतरी जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर धमतरी-बालोद सीमा के चिटौद में तनाव की स्थिति बन गई। यहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क से गुजरने वाली यात्री बसों और मालवाहक वाहनों को रोककर चालकों से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की समझाइश दी। इसी दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को सड़क से हटाने की कोशिश की। बाद में समझाइश के बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कराई गई।
दंतेवाड़ा में लौह अयस्क की ढुलाई प्रभावित
ड्राइवरों की हड़ताल का असर प्रदेश के खनिज परिवहन पर भी पड़ा है। दंतेवाड़ा जिले में प्रतिदिन करीब 400 ट्रकों के माध्यम से लौह अयस्क अलग-अलग शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है। लेकिन चालकों के आंदोलन में शामिल होने के कारण ट्रकों का संचालन प्रभावित हो गया है।
इससे खनिज ढुलाई से जुड़े कारोबारियों और औद्योगिक गतिविधियों पर असर पड़ने लगा है। वहीं, हड़ताल में शामिल नहीं होने वाले कुछ चालकों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। ऐसे मामलों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी।
महासमुंद में बसों के पहिए थमे, 5 हजार यात्रियों की परेशानी बढ़ी
महासमुंद जिले में भी हड़ताल के कारण यात्री परिवहन प्रभावित हुआ है। जिला मुख्यालय से रोजाना अलग-अलग मार्गों पर 100 से अधिक बसों का संचालन होता है। इन बसों के जरिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब पांच हजार यात्री सफर करते हैं।
गुरुवार को बसों का संचालन प्रभावित होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और दूसरे परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ा।
जगदलपुर में रायपुर, सुकमा और ओडिशा जाने वाले वाहन रोके
बस्तर संभाग में भी ड्राइवरों का आंदोलन तेज दिखाई दिया। जगदलपुर से रायपुर, सुकमा, बीजापुर और ओडिशा की ओर जाने वाले मार्गों पर यात्री बसों और मालवाहक वाहनों को रोका गया। राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों और कारोबारियों को परेशानी हुई।
बस्तर परिवहन संघ ने आंदोलन को एक दिन का नैतिक और व्यावहारिक समर्थन दिया। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को रास्ता देने की बात सामने आई।
भिलाई में प्रशासन और ड्राइवर संगठन के बीच बैठक
हड़ताल का असर औद्योगिक गतिविधियों के साथ शैक्षणिक संस्थानों पर भी पड़ने लगा है। दीपावली की छुट्टियों के बाद गुरुवार को खुलने वाले कुछ निजी स्कूलों में परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने के कारण छुट्टी घोषित करनी पड़ी।
स्थिति को देखते हुए भिलाई के पुलिस कंट्रोल रूम में ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने संगठन की मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से धरना और अन्य कार्यक्रम केवल अनुमति प्राप्त स्थानों पर आयोजित करने की अपील की। बिना अनुमति सड़क पर प्रदर्शन कर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत भी दी गई।
रायपुर-जगदलपुर हाईवे पर चक्काजाम की चेतावनी
ड्राइवर महासंगठन ने 13 नवंबर को चिटौद के पास रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। इससे यात्री परिवहन और माल ढुलाई पर और असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले परिवहन व्यवस्था में आई इस बाधा ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि सरकार और ड्राइवर संगठन के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आगे भी जारी रहती है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





