रायपुर। छत्तीसगढ़ में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने इन अधिकारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
सरकार के इस फैसले से अधिकारियों के मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही जुलाई 2026 से अब तक की बकाया राशि यानी एरियर का भुगतान भी नकद किया जाएगा। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के आधार पर राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।

जुलाई से मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ
अब तक छत्तीसगढ़ में कार्यरत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था। नए आदेश के अनुसार 1 जुलाई 2026 से DA की दर बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दी गई है। इसका लाभ नवंबर के वेतन में मिलने की व्यवस्था है। साथ ही जुलाई से अक्टूबर तक की अवधि का बकाया महंगाई भत्ता भी अधिकारियों को दिया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई से देय बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नकद किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी के नाम अलग-अलग व्यक्तिगत प्राधिकार पत्र जारी करने की आवश्यकता नहीं होगी।
एरियर भुगतान के लिए तय किए गए नियम
सामान्य प्रशासन विभाग ने बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी है। आदेश के मुताबिक, जिस अवधि का एरियर बनता है, उसका भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन आहरित किया गया था।
यदि किसी अधिकारी का संबंधित अवधि के दौरान स्थानांतरण हुआ है या अलग-अलग कार्यालयों से वेतन निकाला गया है, तो एरियर की गणना और भुगतान उसी अवधि के वेतन आहरण से जुड़े कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा।
महंगाई भत्ते की गणना वेतन मैट्रिक्स के संबंधित लेवल के तहत आहरित वेतन के आधार पर होगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।
वेतन पर्ची में होगा संशोधन
GAD ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के लिए प्रत्येक अधिकारी को अलग से व्यक्तिगत आदेश जारी नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों की वेतन पर्चियों में नए आदेश के अनुसार संशोधन किया जाएगा।
पहले से भुगतान किए जा चुके महंगाई भत्ते का समायोजन करने के बाद शेष बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा। इस फैसले से छत्तीसगढ़ में पदस्थ IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





