नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है। यहां दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार तड़के बरामद किए गए। दोनों जवानों की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। उनके शव दूरदराज के दच्छन इलाके में मिले हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे। उनकी पोस्टिंग दच्छन के कियार गांव में थी।
कैंप से निकले थे दोनों जवान, फिर हो गए लापता
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को दोनों SPO अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक लापता हो गए। उनके वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार तड़के दोनों के शव बरामद हुए।
शवों पर गोलियों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सर्विस राइफलें गायब, आतंकियों पर संदेह
इस घटना में सबसे महत्वपूर्ण पहलू दोनों जवानों की सर्विस राइफलों का गायब होना है। शव बरामद होने के बावजूद हथियार नहीं मिले हैं। ऐसे में जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस वारदात के पीछे आतंकियों का हाथ हो सकता है।
जिस इलाके में दोनों जवान लापता हुए थे, उसे आतंकियों के प्रभाव वाला क्षेत्र बताया जाता है। हालांकि, फिलहाल हत्या में आतंकियों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।
गांदरबल में भी आतंकियों की तलाश
किश्तवाड़ की घटना के बीच श्रीनगर से सटे गांदरबल जिले में भी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना सामने आई। बुधवार रात मिली जानकारी के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
आतंकियों के संभावित ठिकानों की आशंका में कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन किया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल किश्तवाड़ में दोनों SPO की हत्या के मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस वारदात के पीछे कौन था और दोनों जवानों की सर्विस राइफलें कहां गईं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




