छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर जहां प्रदेश में तापमान फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अगले पांच दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इसी बीच दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार शाम बिजली गिरने की बड़ी घटना सामने आई। चंदेनार क्षेत्र में आयोजित जात्रा (मेला) के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरबा में अंधड़ से गिरे पेड़, जनजीवन प्रभावित
मंगलवार को कोरबा जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली। आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान तेज हवाओं से कई जगहों पर बैनर-पोस्टर उड़ गए। पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

तापमान में बढ़ोतरी, उमस करेगी परेशान
पिछले दिनों तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर का तापमान मंगलवार को बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां बढ़ने से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा प्रदेश के ऊपर दो द्रोणिकाएं भी बनी हुई हैं, जिनके प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
इन मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
अगले दो दिन तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को कटाई के बाद खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। वहीं आम लोगों से तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों, होर्डिंग्स और बिजली लाइनों के पास सावधानी बरतने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि दोपहर में गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन शाम के समय अचानक मौसम बदल सकता है और कई जिलों में अंधड़ तथा बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.



