बिलासपुर। लीलागर नदी में तेज बहाव के बीच बाइक समेत फंसे दो युवकों के लिए तीन स्थानीय युवक फरिश्ता बनकर सामने आए। अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर तीनों ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक और मानवीय कार्य के लिए बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने तीनों युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को चकरबेड़ा निवासी गुड़ा टंडन और दुर्गेश टंडन बाइक से लीलागर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी में तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक समेत नदी में जा गिरे। देखते ही देखते दोनों युवक पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए। हालात ऐसे थे कि समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मनाडेरा निवासी मोहन लाल केवट, महेश केवट और मल्हार निवासी आदित्य केवट (करण) मौके पर पहुंचे। नदी के तेज बहाव के बावजूद तीनों युवकों ने हिम्मत नहीं हारी और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने लकड़ी की मदद से नदी में फंसे दोनों युवकों तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समय रहते मिली इस मदद से दोनों युवकों की जान बच गई। घटना के बाद तीनों युवाओं के साहस और तत्परता की इलाके में सराहना हो रही है। मुश्किल परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आना समाज के लिए एक मिसाल बन गया है।
इस साहसिक कार्य को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने तीनों के साहस, तत्परता और मानवता की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे साहसी युवाओं को SDRF की टीम के माध्यम से जरूरी प्रशिक्षण दिलाकर ‘जल मित्र’ के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि भविष्य में नदी या जलभराव जैसी परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की समय रहते मदद की जा सके।
लीलागर नदी की इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा या संकट के समय स्थानीय लोगों की सजगता और साहस किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। तीनों युवाओं की तत्परता ने दो परिवारों को बड़ी अनहोनी से बचा लिया।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





