नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त पर छत्तीसगढ़ सरकार सख्त, अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द; दोषी डॉक्टरों की डिग्री भी होगी फ्रीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि इस अमानवीय अपराध में यदि किसी अस्पताल की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं, दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

Ankura Hospital for Women & Children Khammam | Timings, Departments & Appointments

अस्पताल और डॉक्टरों की भूमिका की जांच

दरअसल, रायपुर में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से नवजात बच्चों का अवैध सौदा कर रहे थे। इस पूरे मामले में अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस प्रकरण में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के एक डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क का विस्तार किन-किन राज्यों तक है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे अमानवीय अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अस्पताल की संलिप्तता या नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सा पेशे की आड़ में अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं मिलेगा। दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनकी डिग्री फ्रीज करने के लिए संबंधित चिकित्सा संस्थानों और नियामक प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की तलाश में पुलिस

नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों की खरीद-बिक्री किन परिस्थितियों में की जा रही थी, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और दूसरे राज्यों से इसके क्या संबंध हैं।

इससे पहले पुलिस की कार्रवाई में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब जांच का दायरा अस्पतालों, बिचौलियों और कथित खरीद-बिक्री नेटवर्क तक पहुंच गया है।

सरकार के सख्त रुख के बाद अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। यदि अस्पताल या डॉक्टरों की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...