महाजेनको और अदाणी फाउंडेशन ने शुरू किया नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, 65 महिलाओं को मिलेगा कौशल और रोजगार का अवसर

ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (महाजेनको) ने अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से मुड़ागाव और चितवाही क्षेत्र में नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया है। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

वर्तमान में इस प्रशिक्षण केंद्र में आसपास के गांवों की 65 महिलाएं और युवतियां सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सिलाई के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।

 

प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती दीप्ति गेसमार ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री शैलेश एम. पड़ोल ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री डी.बी. खोबरागढ़े और श्री चंद्रकांत एम. बाले सहित महाजेनको की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। मुड़ागाव से श्री जहाज राम भगत, श्री महेशराम सिन्हा, श्री भारत सिन्हा, श्री गुलाबी यादव और श्री धर्मेंद्र महंत उपस्थित रहे, जबकि चितवाही से सरपंच श्री गंगाराम पोरते, श्री लक्ष्मी प्रसाद सिन्हा, श्री नवीन शर्मा और श्री घनश्याम साहू ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

 

 

अदाणी फाउंडेशन की ओर से क्लस्टर प्रमुख, सीएसआर प्रमुख, भू विभाग प्रमुख तथा सीएसआर टीम के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों को एप्रन और सिलाई किट वितरित की गई, जिससे वे प्रशिक्षण के साथ-साथ अपने कौशल का व्यावहारिक उपयोग भी कर सकें।

महाजेनको और अदाणी फाउंडेशन की यह संयुक्त पहल ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होगा और वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...