माँ चंद्रहासिनी मंदिर में अदाणी फाउंडेशन का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 687 श्रद्धालुओं को मिला इलाज

रायगढ़/चंद्रपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंद्रपुर में शारदीय नवरात्रि के दौरान आस्था के साथ जनसेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन की ओर से मंदिर परिसर में 11 से 19 अक्टूबर तक नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शिविर लगाया गया। इस दौरान कुल 687 श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इनमें 504 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल थीं।

नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं

मंदिर परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ डभरा के तहसीलदार आशीष पटेल, नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता एवं गिरजा यादव सहित मंदिर न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।

डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने शिविर में चौबीसों घंटे सेवाएं दीं। नवरात्रि मेले में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसका उद्देश्य दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत के समय तत्काल स्वास्थ्य सहायता देना था।

सर्दी-बुखार से लेकर बीपी और शुगर तक की जांच

शिविर में अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान श्रद्धालुओं को उपचार और राहत प्रदान की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लंबी दूरी तय कर पहुंचे 187 मरीजों को तात्कालिक चिकित्सा सहायता दी गई। सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार से पीड़ित 136 मरीजों का उपचार किया गया। यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस कर रहे 130 श्रद्धालुओं को मेडिकल सपोर्ट मिला।

इसके अलावा 106 मरीजों की बीपी और शुगर जांच के साथ घावों की ड्रेसिंग की गई। त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान 62 तथा गैस्ट्रो संबंधी शिकायत वाले 44 मरीजों का भी उपचार किया गया।

तीन नदियों के संगम पर पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु

महानदी, मांड नदी और लात नदी के त्रिवेणी संगम पर स्थित माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्रि के दौरान यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले में भीड़ और लंबी यात्रा के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सामने आने पर मौके पर उपचार की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हुई।

अदाणी फाउंडेशन के इस शिविर का लाभ चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए दर्शनार्थियों को भी मिला। श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से उन्हें उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ा।

मंदिर न्यास के सहयोग से हुआ आयोजन

आयोजकों के अनुसार, शिविर का आयोजन श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय तथा स्वर्गीय मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से किया गया।

नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में उमड़ने वाले हजारों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में निःशुल्क चिकित्सा शिविर जनसेवा का सराहनीय उदाहरण है।

वहीं, मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर आने वाले गरीब और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही मुफ्त इलाज और दवाइयां मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने में मदद मिली।

नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह शिविर धार्मिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य सेवा को जोड़ने की एक पहल रहा, जिसके माध्यम से नौ दिनों में 687 श्रद्धालुओं तक चिकित्सा सहायता पहुंचाई गई।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...