रायगढ़ में 126.92 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की 4 बड़ी घोषणाएं

रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 126.92 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी भी सौंपी गई।

रायगढ़ के लिए 4 नए बड़े कार्यों की घोषणा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की। इनमें—

  • संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए
  • रामलीला मैदान के विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए
  • तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए
  • केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए

शामिल हैं।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं होगी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जिले को विकसित जिला बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि शहर की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 126.92 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

ढाई साल में नगर निगम को 384.66 करोड़ की स्वीकृति

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।

रिंग रोड और फोरलेन परियोजनाओं पर भी काम

ओपी चौधरी ने बताया कि रायगढ़ के रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

इसके साथ ही रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की जानकारी भी दी गई।

औद्योगिक पहचान के साथ सांस्कृतिक विकास पर जोर

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है। वहीं, अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए भी जाना जाता है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...