रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के करोड़ों नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, सामाजिक प्रयासों और सकारात्मक बदलावों को राष्ट्रीय मंच मिलता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज व राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है तो कोई स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों और नवाचार के जरिए अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। ‘मन की बात’ ऐसे लोगों के प्रयासों को देश के सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित करने का काम करती है।
नशामुक्त युवा, विकसित भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही मजबूत एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’ में दिखा देशभक्ति का उत्साह
CM साय ने ‘मन की बात’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उल्लेख को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की, जो राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अब जन-जन का अभियान बन चुका है। ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता और नागरिकों में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
PM स्वनिधि से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की भी चर्चा की। रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को इस योजना के माध्यम से अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती हैं।
स्वच्छता को आदत और जिम्मेदारी बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाते हैं, तब इसका असर पूरे समाज पर दिखाई देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करने की अपील की।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत ने बढ़ाया गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां आज विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके जरिए छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि प्रदेश की बेटी महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव का विषय
CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में कई बार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं, उपलब्धियों और सकारात्मक प्रयासों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलने से प्रदेश की विशिष्ट पहचान देशभर तक पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित संतजन, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




