रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान सामने आई लगातार हत्या की वारदातों ने शहर की कानून व्यवस्था पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। महज कुछ दिनों के भीतर रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की 6 वारदातें सामने आई हैं। इनमें कुछ मामलों का पुलिस ने खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ घटनाओं की जांच अभी जारी है।
पिछले एक सप्ताह में मुजगहन थाना क्षेत्र में 1, अभनपुर में 1, खमतराई में 2, सरस्वती नगर में 1 और आमानाका थाना क्षेत्र में 1 हत्या की वारदात सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पहली वारदात: लिव-इन पार्टनर ने की भारती नेताम की हत्या
हत्या की पहली वारदात रायपुर कमिश्नरेट के मुजगहन थाना क्षेत्र में सामने आई। यहां कांकेर जिले की रहने वाली बीएड छात्रा भारती नेताम की हत्या कर दी गई।
भारती रायपुर में पढ़ाई कर रही थी और पिछले कुछ महीनों से अपने प्रेमी सावंत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
आरोप है कि विवाद के दौरान सावंत बघेल ने भारती की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी शव को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में सावंत बघेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

दूसरी वारदात: पत्नी ने पति की गला दबाकर हत्या की
दूसरी वारदात 4 अगस्त को रायपुर ग्रामीण के अभनपुर थाना क्षेत्र में सामने आई। टोकरो गांव के एक तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध हालत में मिला था।
मृतक की पहचान बरगढ़, ओडिशा निवासी करीब 30 वर्षीय परमेश्वर सिदार के रूप में हुई। गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार ने ही उसकी हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, पत्नी अपने पति की चरित्र शंका से परेशान थी। घटना वाली रात उसने कथित तौर पर अपने पति को अपनी बेटी के साथ गलत हरकत करते देखा, जिसके बाद गुस्से में उसने अपनी साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया।
इसके बाद शव को तालाब के किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तीसरी वारदात: प्रेमी ने दुपट्टे से गला घोंटकर की नंदिनी की हत्या
हत्या की तीसरी वारदात 5 अगस्त को खमतराई थाना क्षेत्र के WRS कॉलोनी में सामने आई। यहां पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
जांच में मृतका की पहचान नंदिनी जैन के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि नंदिनी का आरोपी करण तांडी के साथ करीब चार साल से प्रेम संबंध था।
पुलिस के मुताबिक, करण मृतका के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन उसने नंदिनी को WRS कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे सुनसान इलाके में बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले उसके मुंह में दुपट्टा ठूंसा और फिर उसी दुपट्टे से उसका गला कस दिया। हत्या के बाद उसने मृतका का सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।
खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर लिया।
चौथी वारदात: आपसी रंजिश में महेश धृतलहरे की हत्या
8 अगस्त को सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई मारपीट के बाद महेश धृतलहरे की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात सतनामी पारा कोटा में विवाद के दौरान तुषार महिधर उर्फ बाउ और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका ने महेश पर रॉड और डंडों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल महेश को इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पांचवीं वारदात: बांधा मैदान में मिली युवक की लाश
8 अगस्त को ही खमतराई थाना क्षेत्र में एक और हत्या का मामला सामने आया। रावाभाठा स्थित बांधा मैदान में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान करीब 22-23 वर्षीय पवन टंडन के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार पवन 5 अगस्त से लापता था और कई दिनों से घर नहीं लौटा था।
पुलिस को उसका शव कंक्रीट कल्वर्ट और पानी के पाइप के पास मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पाइप के अंदर छिपाया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है।
छठी वारदात: रेलवे पटरी के पास मिला अज्ञात युवक का शव
इसी दिन आमानाका थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव पर चोट के कई निशान दिखाई देने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल आमानाका पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
छह साल में रायपुर जिले में 404 हत्याएं
लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बीच रायपुर जिले में पिछले छह वर्षों के हत्या के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2021 से 2026 तक जिले में कुल 404 हत्या की वारदातें सामने आ चुकी हैं।
सालवार आंकड़ों पर नजर डालें तो—
- 2021: 65 हत्याएं
- 2022: 75 हत्याएं
- 2023: 63 हत्याएं
- 2024: 78 हत्याएं
- 2025: 92 हत्याएं
- 2026: अब तक 31 हत्याएं
इन आंकड़ों में 2025 में सबसे ज्यादा 92 हत्या के मामले सामने आए। वहीं 2026 में अब तक 31 हत्याओं की वारदात दर्ज हो चुकी है।
लगातार हत्याओं ने खड़े किए कानून व्यवस्था पर सवाल
राजधानी में महज एक सप्ताह के भीतर छह हत्या की वारदातें सामने आना निश्चित तौर पर कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर चिंता पैदा करता है। हालांकि पुलिस ने कई मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं अपराध नियंत्रण की चुनौती को भी उजागर करती हैं।
एक तरफ पुलिस का दावा है कि गंभीर अपराधों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ हत्या जैसी वारदातों की लगातार सामने आती तस्वीरें राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की रोकथाम के लिए किस तरह की रणनीति अपनाती है और आने वाले दिनों में अपराध पर कितना अंकुश लगाया जा सकता है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





