रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से अभनपुर स्थित मंगल भवन में शुरू होगा।
प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और संगठनात्मक विषयों पर कांग्रेस पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। इस संबंध में एआईसीसी के प्रभारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सहित सभी जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।
शिविर के दौरान राहुल गांधी सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे संबंधित जिलों की राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी लेंगे। कांग्रेस संगठन में इस बात की चर्चा है कि प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को व्यापक अधिकार दिए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की उनकी क्षमता और दायरा बढ़ेगा। साथ ही, जिला अध्यक्ष सीधे एआईसीसी के संपर्क में रहेंगे।

एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव ने पीसीसी को निर्देश दिए हैं कि वह प्रशिक्षण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआईसीसी के महासचिवों के अलावा पीसीसी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की पहले दो दिन और अंतिम दो दिन उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रशिक्षण सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने की भी संभावना है। कांग्रेस इस प्रशिक्षण के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जिला इकाइयों को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





