शराब की महफिल बनी मौत की वजह: दोस्तों ने पहले पिलाई शराब, फिर पत्थर से कुचलकर ले ली जान

 कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहे एक युवक की उसी के साथियों ने कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने युवक के सिर पर बड़ा पत्थर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान हुलास मंडावी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम डाही के शीतला मंदिर के पास मोबाइल टॉवर के नजदीक 8-9 युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी ने साथियों से शराब पिलाने की बात कही। साथियों ने उसे शराब पिलाई, लेकिन नशा बढ़ने के साथ ही वह गाली-गलौज करने लगा और कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी देने लगा।

शुरुआत में मौजूद लोगों ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया और युवकों ने हुलास की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इसके बाद एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में शामिल सभी आरोपियों और सह-आरोपियों को रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में करीब आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दो युवक मुख्य आरोपी हैं, जबकि अन्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel