अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव अब कम होता दिखाई दे रहा है। दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की ओर से तैयार 14 सूत्रीय शांति मसौदे पर अमेरिका ने प्रारंभिक सहमति दे दी है। प्रस्तावित समझौते के तहत पहले चरण में औपचारिक रूप से संघर्ष समाप्ति की घोषणा की जाएगी। दूसरे चरण में होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य आवाजाही बहाल करने पर सहमति बनी है, जबकि तीसरे चरण में व्यापक शांति समझौते पर विस्तृत वार्ता होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ समझौता “काफी हद तक तय” हो चुका है। उन्होंने कहा कि अंतिम तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा जारी है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होने तक ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध और नाकेबंदी जारी रहेगी।
![]()
वहीं ईरान ने कहा है कि यह फिलहाल केवल एक “फ्रेमवर्क एग्रीमेंट” है और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर आगे अलग से बातचीत होगी।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान और कतर ने इस समझौते को आगे बढ़ाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी संकेत दिए हैं कि बकरीद के बाद शांति वार्ता का नया दौर शुरू हो सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह समझौता सफल होता है तो पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव कम हो सकता है और वैश्विक तेल बाजार को भी राहत मिल सकती है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





