अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिवाली के दिन एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सीतापुर क्षेत्र के ग्राम बनेया में पटाखे के विस्फोट से दो साल के मासूम की जान चली गई। खेलते समय बच्चे ने जमीन पर पड़ा पॉप-पॉप (लहसुन) पटाखा उठाकर मुंह में रख लिया और चबाने लगा। इसी दौरान पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया। विस्फोट इतना गंभीर था कि बच्चे के मसूड़ों में गहरी चोट आई और मुंह से लगातार खून बहने लगा। परिजन उसे बचाने के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक लेकर दौड़ते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।

खेलते-खेलते मुंह में डाल लिया पटाखा
जानकारी के मुताबिक, बनेया गांव निवासी इंद्रजीत माझी दिवाली के लिए बच्चों के वास्ते अलग-अलग तरह के पटाखे लेकर आए थे। इनमें पॉप-पॉप यानी लहसुन के आकार वाला पटाखा भी शामिल था। यह पटाखा आग लगाने के बजाय जमीन पर पटकने से फूटता है।
दिवाली की सुबह उनका दो साल का बेटा आदित्य घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े एक पॉप-पॉप पटाखे पर पड़ी। मासूम ने उसे उठाया और खिलौना समझकर मुंह में डालकर चबाने लगा। पटाखे के भीतर मौजूद बारूद और छोटे पत्थरों के आपस में टकराने से मुंह के अंदर ही विस्फोट हो गया। इस हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक दौड़ते रहे परिजन
पटाखा फटने से आदित्य के मसूड़ों में गंभीर चोट आई और तेजी से रक्तस्राव होने लगा। घबराए परिजन तत्काल उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन बच्चे के मुंह से खून बहना बंद नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन बच्चे को होलीक्रॉस यानी मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार लकड़ा के अनुसार, बच्चे को बुधवार सुबह गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने पहले हुए उपचार और लगातार रक्तस्राव की जानकारी दी थी, लेकिन मुंह में पटाखा फटने की बात डॉक्टरों को नहीं बताई गई थी। इलाज के दौरान मासूम को बचाया नहीं जा सका।
मुंह में पटाखा फटना हो सकता है जानलेवा
मेकाहारा के ईएनटी विभाग की प्रमुख डॉ. हंसा बंजारा ने इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीर बताया है। उनके अनुसार, मुंह के भीतर पटाखा फटने से केवल मसूड़ों और मुंह में चोट नहीं आती, बल्कि बारूद के कण और खून सांस की नली तक पहुंच सकते हैं।
विस्फोट से निकलने वाला धुआं फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा सिर और मस्तिष्क की नसों को भी गंभीर क्षति पहुंचने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में घायल व्यक्ति की जान तक जा सकती है।
अभिभावकों के लिए बड़ा सबक, बच्चों से दूर रखें पटाखे
अंबिकापुर की यह घटना हर अभिभावक के लिए गंभीर चेतावनी है। छोटे बच्चों की पहुंच में किसी भी तरह के पटाखे नहीं छोड़ने चाहिए। जमीन पर गिरे हुए या इस्तेमाल के बाद बचे पटाखे भी खतरनाक हो सकते हैं।
पॉप-पॉप जैसे छोटे और सामान्य दिखने वाले पटाखे भी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं। त्योहारों के दौरान बच्चों पर विशेष निगरानी रखना और पटाखों को उनकी पहुंच से दूर सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





