रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम गांजा के साथ मुंबई की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के मुंबई की रहने वाली है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। आरोपी महिला सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल सूचना की तस्दीक कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर महिला की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।
अलग-अलग बैग में छिपाकर रखा था गांजा
पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे निवासी मुंबई, महाराष्ट्र बताया। पुलिस टीम ने उसके पास रखे बैग की तलाशी ली तो अलग-अलग बैग में गांजा रखा हुआ मिला। जांच में कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 730/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार महिला से विस्तृत पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गांजे की सप्लाई कहां से हुई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तस्करी नेटवर्क के सभी कनेक्शन खंगालते हुए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
गिरफ्तार महिला आरोपी की पहचान
-
नाम: सोनाली मोटे
-
पति: सम्भाजी मोटे
-
उम्र: 42 वर्ष
-
निवासी: जी-1/13, न्यू म्हाडा चॉल, कोकरी अगर, सायन कोलीवाड़ा, वडाला, मुंबई, महाराष्ट्र।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





