
ईरान-इजरायल तनाव के बढ़ते असर अब फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचने लगे हैं। इसी कड़ी में सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म किंग का शूटिंग शेड्यूल प्रभावित हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई में फिल्माए जाने वाला एक बड़ा एक्शन सीक्वेंस सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया है।
दरअसल, फिल्म की टीम ने पहले से दुबई के रेगिस्तान में एक हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन शूट करने की तैयारी की थी, जिसमें सुहाना खान और अनिल कपूर भी शामिल होने वाले थे। यह शूट 9 अप्रैल से शुरू होकर लगभग एक हफ्ते तक चलना था। सभी परमिशन और तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए मेकर्स ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस शेड्यूल को कैंसिल करने का फैसला लिया।
अब इस एक्शन सीक्वेंस को मुंबई में ही शूट किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, विले पार्ले स्थित स्टूडियो में दुबई के रेगिस्तान जैसा विशाल सेट तैयार किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद चाहते हैं कि सीन का विजुअल और एक्शन वैसा ही भव्य दिखे जैसा मूल प्लान था। स्टूडियो शूटिंग से मेकर्स को एक्शन, लाइटिंग और तकनीकी नियंत्रण में भी अधिक सुविधा मिलेगी।

फिल्म किंग का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है और यह 24 दिसंबर 2026 को क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी। इसकी शूटिंग मई 2025 से शुरू हुई थी, जिसमें मुंबई के महबूब स्टूडियो में कई अहम सीन फिल्माए जा चुके हैं। खास बात यह है कि फिल्म के एक जेल सीक्वेंस में करीब 200 स्टंटमैन का इस्तेमाल किया गया है, जो इसकी भव्यता को दर्शाता है।
हालांकि शूटिंग के दौरान कुछ चुनौतियां भी सामने आईं। जुलाई 2025 में एक एक्शन सीन के दौरान शाहरुख खान घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अमेरिका जाना पड़ा और शूटिंग करीब 6 हफ्तों तक रुकी रही।
फिल्म में अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अभिषेक बच्चन इस फिल्म में नेगेटिव रोल निभा रहे हैं। खास बात यह है कि शाहरुख और अभिषेक के बीच यूरोप में शूट किए गए एक बड़े एक्शन सीक्वेंस पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स पर भी साफ दिखने लगा है, लेकिन मेकर्स ने हालात के अनुसार खुद को ढालते हुए शूटिंग जारी रखी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





