नगर पालिका में घमासान, पार्षदों ने दफ्तर पर जड़ा ताला

Akaltara नगर पालिका में एक बार फिर अध्यक्ष और पार्षदों के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। नाराज पार्षदों ने सोमवार सुबह नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़कर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षद एक साथ विरोध में नजर आए।

जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले हुई सामान्य सभा की बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष Deepti Rohit Sarathi और पार्षदों के बीच तीखी बहस हो गई थी। विवाद तालाब गहरीकरण कार्य और प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर हुआ। आरोप है कि बैठक के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि अध्यक्ष बैठक छोड़कर चली गईं।

आज दोबारा सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन उससे पहले ही आक्रोशित पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीषण गर्मी के बीच पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। नगर पालिका परिसर के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पार्षदों का आरोप है कि नगर पालिका में कई मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। वहीं अध्यक्ष पक्ष की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

इस घटना के बाद अकलतरा की स्थानीय राजनीति गरमा गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर पालिका के भीतर बढ़ता यह टकराव आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel