दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी और बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना जामुल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत की 49.8 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला अवैध रूप से हेरोइन बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक कीपैड मोबाइल फोन और नशे की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9.97 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार महिला की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की बिक्री कर रही थी। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि हेरोइन की सप्लाई उसे कहां से मिल रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





