सेल। जिले के नवापारा वन्यजीव अभयारण्य में लगातार दो दिनों के भीतर तीन हिरणों की संदिग्ध मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। ताजा मामला बुधवार सुबह रामपुर चरागाह (कक्ष क्रमांक-127) का है, जहां एक हिरण मृत अवस्था में मिला।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि अभयारण्य में घूम रहे आवारा या जंगली कुत्तों के हमले में हिरण की जान गई हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवापारा रेंजर रूपेश्वर ने बताया कि हिरण की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 जुलाई को भी इसी क्षेत्र में दो हिरणों के शव मिले थे। उस समय वन विभाग ने प्रारंभिक जांच में दोनों हिरणों की मौत आपसी संघर्ष के कारण होने की संभावना जताई थी। हालांकि अब दो दिनों में तीन हिरणों की मौत से अभयारण्य की सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीवों की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।
वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





